गाजियाबाद। आरडीसी स्थित रेस्टोरेंट पर बुधवार रात को खाना खा रहे अमित चौधरी को दबंगों ने लाठी डंडों से पीट पीटकर अधमरा कर दिया। गंभीर हालत में उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में तीन लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 352, 115(2), 351(2) के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरसांव निवासी अमित चौधरी ने बताया कि वह रात को आरडीसी स्थित रेस्टोरेंट पर खाना खाने के लिए गए थे। तभी वहां शुभम, दीपक, अभिषेक निवासी इंदिरा एंक्लेव आ गए। उन्होंने पुरानी किसी बात को लेकर पहले अमित से गाली गलौज की। फिर उसे जमीन पर गिरा कर बुरी तरह पीटा। आरोपी तब तक पीटते रहे, जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। उसको मृत समझकर वह वहां से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने अमित को अस्पताल में भर्ती कराया।
कवि नगर एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। युवकों में पुरानी किसी बात को लेकर कहासुनी चली आ रही है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।