गाजियाबाद/ साहिबाबाद । भादो के महीने के पहले ही दिन मंगलवार को शहर में झमाझम बारिश हुई। सुबह छह से नौ बजे तक बादल बरसे। इस बारिश से मौसम तो सुहाना हो गया लेकिन, लोगों के लिए मुसीबत की झड़ी भी लग गई। सड़कें पानी से लबालब हो गईं। जलभराव से ट्रैफिक जाम हो गया। सैंकड़ों वाहन घंटों तक रेंगकर चले। बिजली की लाइन में जगह-जगह फाॅल्ट आ गया। इससे चार से छह घंटे तक बिजली गुल रही। बिजली नहीं होने की वजह से कई इलाकों में पेयजल की आपूर्ति नहीं हो सकी।
बारिश के कारण सिटी जोन स्थित नई बस्ती में एक से डेढ़ फुट जलभराव हो गया। सीवर और नालों का पानी उफनकर सड़कों पर जमा हो गया। वसुंधरा लाल बत्ती, इंदिरापुरम के काला पत्थर रोड, अभयखंड, शक्तिखंड, शालीमार गार्डन, राजेंद्रनगर, वैशाली सहित अन्य इलाकों में जलभराव होने से लोग घरों में कैद हो गए।
थमी रही वाहनों की रफ्तार
छिजारसी कट, विजयनगर बागू, राहुल विहार सहित कई जगह वाहनों की रफ्तार थमी रही। नोएडा और दिल्ली से गाजियाबाद आने वाले लोगों को हाइवे पर कनावनी कट, इंदिरापुरम कट, विजयनगर कट और लाल कुआं कट पर लंबे जाम से जूझना पड़ा। हिंडन पुश्ता के रास्ते गाजीपुर की ओर से लोग गाजियाबाद के एंट्री प्वाइंट पर ही जाम में फंस गए। एनएच-9 के नीचे पुश्ता रोड पर भी जाम लग गया। एलिवेटेड रोड के पास जलभराव होने के कारण दिल्ली से आने वाला यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। हाइवे के रास्ते दिल्ली-नोएडा जाने वाले लोगों को सर्विस लेन पर जलभराव के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कहीं लाइन में फाॅल्ट तो कहीं फुंका जंफर
विजयनगर क्षेत्र में फीडर में फाॅल्ट होने से छह घंटे बिजली गुल रही। नंदग्राम, दिल्ली गेट, गोविंदपुरम में भी तीन घंटे बिजली गुल रही। सिद्धार्थ विहार में फीडर पर काम चलने से दो घंटे तक शटडाउन करने से बिजली गुल रही। पुराना माता कॉलोनी, सेक्टर-9 जे ब्लॉक, ए ब्लॉक, कैलाश नगर में सुबह सात बजे से दोपहर एक बजे तक बिजली गुल रही। सुबह के समय बिजली गुल होने से इलाके में पानी की आपूर्ति भी प्रभावित रही। लोगों को खरीदकर पानी लाना पड़ा। नंदग्राम में सुबह 9 बजे से 12 बजे तक बिजली गुल रही। दिल्ली गेट क्षेत्र में सुबह सात बजे से दोपहर एक बजे के बीच आधे-आधे घंटे के लिए तीन बार ट्रिपिंग हुई। कैला भट्ठा और इस्लामनगर में सुबह के समय तीन घंटे बिजली गुल रही। वैशाली सेक्टर-चार में ट्रांसफार्मर की लीड फुंक गई। इंदिरापुरम के अभयखंड-एक में जंफर टूटने से बिजली गुल रही। वसुंधरा सेक्टर-9 में केबल टूटने से पांच घंटा आपूर्ति बाधित रही। अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना ने बताया कि बारिश के दौरान केबल टूट गया था।
सुबह बारिश, दोपहर बाद धूप निकलने पर हो गई उमस
गाजियाबाद। तीन दिन बाद मंगलवार को सुबह दिन निकलते ही झमाझम बारिश हुई। करीब दो एमएम बारिश दर्ज की गई। 12 बजे बाद धूप निकली तो उमस हो गई। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम को लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की। हवा में नमी 81 फीसदी रही। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि अगले एक सप्ताह तक मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं होगा।