गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की ऑफिसर सिटी प्रथम सोसायटी में आवारा कुत्तों ने सोयायटी निवासी गोविंद पर हमला कर दिया। आसपास के लोगों ने कुत्तों को भगाया और जिससे गोविंद बाल-बाल बचे। आवारा कुत्तों से पीड़ित लोगों ने दोपहर में बैठक कर समस्या के समाधान के लिए चर्चा की। सोसायटी में तीन दिन में दूसरी बार कुत्ते हमलावर हुए हैं। गोविंद ने बताया कि रविवार सुबह वह परिसर में बने मंदिर के पास बैठे थे। वह पूजा करने गए थे। इसी दौरान तीन चार कुत्ते उनपर झपट पड़े। तभी सोसायटी के लोगों ने उन्हें कुत्तों को खदेड़ कर किसी तरह बचाया। तीन दिन पहले भी इसी सोसायटी में डाॅ. अमित मिश्रा की 10 वर्षीय बेटी पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर काट लिया था। पिछले एक महीने में सोसायटी के आठ-नौ लोगों को कुत्ते काट चुके हैं। सोसायटी निवासी जयशंकर का कहना है कि विरोध करने पर पीएफए का डर दिखाया जाता है और केस करने की धमकी दी जाती है। सोसायटी निवासी सचिन शर्मा का कहना है कि एओए पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई है। नगर निगम को भी पत्र भेजा गया है। यदि समस्या का समाधान जल्द नहीं होता है तो वह राजनगर एक्सटेंशन के गोल चक्कर पर धरना देंगे।