साहिबाबाद। मोहननगर स्थित पार्श्वनाथ पैराडाइज सोसायटी में मंगलवार सुबह बंदर के हमले में 73 वर्षीय बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। सेना से सेवानिवृत्त राजकुमार चौरसिया ने बताया कि पत्नी शकुंतला देवी सोसायटी परिसर में टहल रही थीं। उसी दौरान चाहरदीवारी की रेलिंग पर बैठे बंदर ने हमला कर उनके सिर को नोंच दिया। इससे वह जमीन पर गिरकर लहूलुहान हो गईं तो सुरक्षाकर्मियों ने बंदर भगाया। परिजनों ने उन्हें नरेंद्र मोहन अस्पताल में भर्ती कराया। नगर निगम पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि बंदर पकड़ने के लिए वन विभाग की ओर से कार्रवाई की जाएगी।