मसूरी। डासना स्थित अल फैसल मदरसे में सोमवार को बंदरों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। शिक्षक और छात्र बचने के लिए एक कमरे में बंद हो गए। बंदरों ने क्लासरूम के पंखे पर लटककर तोड़ दिया और सीसीटीवी कैमरों के तार और बिजली की केबल उखाड़ दिए।
सोमवार को कक्षा में पढ़ाई चल रही थी तभी 20-25 बंदरों का झुंड परिसर में आया। बच्चों और शिक्षकों ने पहले भगाने का प्रयास किया लेकिन बंदरों ने उन्हें दौड़ा लिया। शिक्षक और बच्चे एक कमरे में बंद हो गए। करीब आधे घंटे तक बंदरों ने मदरसे में खूब उत्पात मचाया। कार्यालय में घुसकर किताबें फाड़ दीं। कस्बावासियों ने बंदरों से निजात पाने के लिए नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को पत्र लिखा है लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
अब लोगों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र लिखकर समस्या के समाधान की मांग की है। प्रधानाचार्य सलीम ने बताया कि पानी की टोंटी भी बंदरों ने तोड़ दी। नगर पंचायत के अधिशासी अभियंता मनोज मिश्रा का कहना है कि मदरसे में बंदरों के उत्पात की शिकायत नहीं मिली है। वन विभाग को सूचित कर बंदरों को पकड़वाया जाएगा। सलीमुद्दीन का कहना है कि बंदरों की वजह से बच्चे पार्क में खेलने नहीं जा रहे हैं।