साहिबाबाद। शालीमार गार्डन थाने के सामने कूड़े के ढेर के पीछे खड़ी गाड़ी के नीचे छह वर्षीय बच्ची का शव मिला है। आशंका जताई जा रही है कि बच्ची की गला दबाकर हत्या की गई है। शव मेडिकल परीक्षण को भेजा गया है। शव कूड़े के ढेर के पास गाड़ी के नीचे छिपाया गया है। एसीपी अतुल कुमार ने बताया कि शालीमार गार्डन थाने के सामने 80 फिटा रोड से 150 फिटा रोड को जोड़ने वाली सड़क किनारे छह वर्षीय बच्ची का शव मिला है। कपड़े अस्त-व्यस्त थे। बच्ची के गर्दन पर मिले निशान से आशंका जताई जा रही है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। मासूम की गर्दन पर निशान मिले हैं और शिनाख्त नहीं हो पाई है। दिल्ली, नोएडा, मेरठ समेत आसपास के शहरों में बच्ची का फोटो और हुलिया भेजा गया है। यदि किसी थाने में बच्ची की गुमशुदगी दर्ज होगी तो शिनाख्त कर ली जाएगी। आशंका है कि बच्ची की हत्या कहीं ओर की गई है और शव सड़क किनारे अंधेरे में फेंककर हत्यारोपी भाग गए हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।