मोदीनगर। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सुरक्षाकर्मी ऐशपाल से लिफ्ट मांगकर एक शातिर उनकी बाइक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज की है। जनपद हापुड़ के स्वर्ग आश्रम रोड निवासी ऐशपाल सिंह गाजियाबाद के नंदग्राम स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में सुरक्षाकर्मी हैं। बताया कि दो दिन पूर्व वह अपने बैंक के क्लर्क सचिन कुमार की बाइक लेकर हापुड़ जा रहे थे। ऐशपाल सिंह दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित मुरादनगर के समीप पहुंचे तो अज्ञात युवक ने उनसे लिफ्ट मांगी। लिफ्ट लेने के बाद आरोपी युवक ने ऐशपाल सिंह को बातों में उलझा लिया। जैसे ही वह मोदीनगर के सीकरी पंप के समीप पहुंचे आरोपी ने किसी बहाने से उनसे बाइक रूकवा ली और झांसा देकर बाइक लेकर भाग गया। ऐशपाल सिंह ने आरोपी का पीछा भी किया मगर सफल नहीं हुए। ऐशपाल ने काफी खोजबीन की मगर बाइक का पता नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने थाने में घटना की तहरीर दी। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि तहरीर के अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज आदि खंगाल रही है।