मोदीनगर। निवाड़ी पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट से मंगलवार शाम हुई 70 हजार रुपये की लूट का खुलासा कर दिया। कलेक्शन एजेंट ने कंपनी की रकम हड़पने के लिए साथी के साथ मिलकर लूट का षड्यंत्र रचा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 36 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली।
एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि फाइनेंस कंपनी स्पंदना स्पूर्ति में दो वर्ष से कार्यरत मेरठ के राधना निवासी ओसामा ने अपने साथ हुए लूट की सूचना दी थी। ओसामा ने पुलिस को बताया कि बाइक सवार चार बदमाशों ने उससे रुपये के कलेक्शन का बैग लूट लिया और फरार हो गए। बैग मे 70 हजार रुपये से अधिक की नकदी थी। निवाड़ी पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज कर घटना के खुलासे में लग गई। एसीपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान कलेक्शन एजेंट ओसामा बार-बार अपने बयान बदलने लगा। इससे पुलिस को उस पर शक हो गया। पुलिस ने कलेक्शन एजेंट ओसामा से सख्ती से पूछताछ की तो उसने रकम हड़पने के लिए साथी पीतम उर्फ पिंटू जाट निवासी गांव खिजरपुर थाना गभाना जनपद अलीगढ़ के साथ मिलकर लूट की योजना बनाना स्वीकार कर लिया।