साहिबाबाद। ग्राम जगोला स्थित प्लॉट खरीदने का झांसा देकर 26 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित द्वारा पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी है। साहिबाबाद के लाजपत नगर में रहने वाले पीड़ित ने पुलिस की शिकायत दी है। हरजिंद्र सिंह निवासी लाजपतनगर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने श्याम पार्क निवासी सुप्रिया मुखर्जी और उनके पति सिद्धार्थ मुखर्जी से ग्राम जगोला स्थित प्लॉट का सौदा हुआ था। प्लॉट की कीमत करीब 42.73 लाख रुपये में तय हुई थी। सौदा तय होने के बाद करीब 26 लाख रुपये ऑनलाइन खाते में ट्रांसफर किए थे। बाकी पैसे रजिस्ट्री के दौरान देने थे। इसके बाद दिए हुए समय पर दंपती ने समस्या बताते हुए रजिस्ट्री नहीं की। इसके बाद आरोपी टाल मोटल करने लगे। पीड़ित के अपने रुपये वापस मांगे तो लोगों ने रजिस्ट्री कराने और रुपये वापस देने से इन्कार कर दिया। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है।