गंगा यमुना हिंडन अपार्टमेंट में विभाग ने काटे 50 कनेक्शन,चोरी से फिर जोड़े ! - बिजली कनेक्शनों को दोबारा जोड़कर सप्लाई चालू करने का आरोप - पोस्टपेड मीटर कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं ने जताया विरोध माई सिटी रिपोर्टर साहिबाबाद। सिद्धार्थ विहार में आविप द्वारा विकसित गंगा यमुना हिंडन अपार्टमेंट में बिजली विभाग द्वारा दो दिन पहले काटे गए 55 कनेक्शनों को फिर से जोड़कर फ्लैटों में चोरी से सप्लाई देने की शिकायत की गई है। अपार्टमेंट में पोस्ट पेड मीटर वाले अन्य उपभोक्ताओं ने मामले में विरोध कर प्रशासन, आविप और बिजली विभाग में शिकायत की है। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता ने मामले में जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।
अपार्टमेंट के निवासी अभिषेक कुमार का कहना है कि गंगा यमुना हिंडन अपार्टमेंट में 1292 भवन हैं। इनमें बिजली सप्लाई के लिए विभाग की तरफ से 400 भवनों में पोस्टपेड मीटर कनेक्शन दिया हुआ है। जबकि अन्य फ्लैटों में अभी कनेक्शन नहीं है। आरोप है कि अपार्टमेंट के एक कॉमन मीटर से कुछ लोगों की मिलीभगत कर 50 से अधिक भवनों में अवैध रूप से बिजली सप्लाई दी जा रही थी। विद्युत विभाग ने दो दिन पहले मीटर कनेक्शन को काटकर उसे लॉक कर दिया था। आरोपों की मानें तो अब फिर मीटर कनेक्शन जोड़कर फ्लैटों में बिजली सप्लाई चालू कर दी गई है। इसका सीधा बोझ पोस्टपेड मीटर वाले उपभोक्ताओं पर पड़ता है। जिसका वह सभी विरोध कर रहे हैं। अब कार्रवाई के लिए लोगों ने प्रशासन, आवास विकास और बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की है। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता अमित कुमार का कहना है कि कनेक्शन काटने के बाद मीटरों को लॉक कर दिया गया था। यदि दोबारा कनेक्शन जोड़ लिए हैं तो जांच कर मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ----------------------------- सुमित कुमार