इंदिरापुरम। कनावनी में 15 जनवरी की रात युवक के दो फोन चुराकर चोर ने खाते से 90 हजार रुपये निकाल लिए। आरोप है कि कनावनी चौकी पर शिकायत के बावजूद पुलिस ने 73 दिन बाद चोरी का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कनावनी निवासी प्रेम शंकर रजक ने बताया कि 15 जनवरी की रात घर में सो रहे थे। देर रात में चोर ने उनके दो फोन चोरी कर लिए। वह सुबह नींद से उठे तो फोन गायब देखकर होश उड़ गए। परिवार के सदस्य के फोन से अपने नंबर पर कॉल की तो वह बंद था। इसके बाद कनावनी चौकी पर शिकायत दी लेकिन पुलिस ने बिना सुनवाई उन्हें भेज दिया। 23 फरवरी को उन्होंने नए फोन में ऑनलाइन एप डाउनलोड किया तो पता चला कि खाते में सिर्फ 400 रुपये बचे हैं जबकि 90 हजार रुपये की ट्रांजेक्शन 15 जनवरी को हुई थी। वह दोबारा चौकी गए और शिकायत दी। कई दिन तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ तो वह इंदिरापुरम कोतवाली पहुंचे तो फोन चोरी के करीब 73 दिन बाद यानी 29 मार्च को मुकदमा दर्ज कर खानापूर्ति की। इंदिरापुरम एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि फोन ट्रेस कर रहे हैं। शिकायत मिलने पर सुनवाई में लापरवाही किस स्तर से बरती गई है। उसकी जांच कराई जाएगी।