इंदिरापुरम। साइबर ठग ने साला बनकर भोवापुर में रहने वाले व्यक्ति से अपने खाते में करीब 90 हजार रुपये डलवा लिए। ठगी की जानकारी होने पर पीड़ित ने मामले की शिकायत कौशांबी थाना पुलिस से की है। अनिल कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 जनवरी को उनके मोबाइल फोन पर अज्ञात नंबर से काल आई। फोन काल करने वाले ने खुद को उनका साला बताते हुए कहा कि वह कुछ आनलाइन रकम भेज रहा है। बाद में इसे वापस ले लेगा। कुछ समय बाद ठग ने एक मोबाइल नंबर देकर बात करने को कहा। पीड़ित ने जब नंबर पर फोन कॉल की तो उन्हें बातों में उलझाकर फोन-पे के जरिये 90 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। बाद में जानकारी करने पर पता चला कि उनके साले ने उन्हें कोई भुगतान या फोन कॉल नहीं की। ठगी का पता चलने पर उन्होंने मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।