मुरादनगर। शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने युवक से 83 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
राधेश्याम विहार कॉलोनी निवासी सचिन कुमार ने बताया कि वह शेयर बाजार में निवेश करते हैं। करीब पंद्रह दिन पहले वह वाट्सएप के माध्यम से एक कंपनी के ग्रुप के संपर्क में आए थे। उक्त कंपनी ट्रेडिंग का काम करती है। सचिन को कंपनी पर भरोसा हो गया। उन्हें ग्रुप में निवेश करने की सलाह दी जाती थी। ग्रुप पर दो लोग सलाहकार थे। सचिन से पहले बीस हजार रुपये निवेश कराए गए। मुनाफा देख बाद में सचिन ने 83 हजार रुपये निवेश कर दिए। रुपये निवेश कराने के बाद से आरोपियों का फोन बंद है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।