कांग्रेस का भारत बंद आज
हापुड़। पेट्रोल उत्पाद, रुपये की गिरती साख और किसानों की समस्या के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सोमवार को भारत बंद का आह्वान करेगी। इसमें कई अन्य संगठनों ने भी समर्थन दिया है। इन दिनों डीजल, पेट्रोल की कीमतों में लगातार बढ़ोत्तरी की जा रही है। रुपये की साख तेजी से गिर रही है, वहीं किसानों को उनकी फसलों का मुनासिब दाम भी नहीं मिल पा रहा है। पूर्व विधायक गजराज सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह 9.30 बजे जिला कांग्रेस, शहर कांग्रेस व सभी कांग्रेसी फ्रंटल संघटन अतरपुरा चौकी के पास नेहरू प्रतिमा पर एकत्रित होंगे। चंडी मंदिर, पक्का से शांति मार्च निकाला जाएगा जो सर्राफा बाजार, कसेरठ बाजार होते हुए नेहरू जी की प्रतिमा पर संपन्न होगा। इसके बाद एसडीएम को ज्ञापन दिया जाएगा। हापुड़ उद्योग व्यापार मंडल के प्रवक्ता संजय अग्रवाल ने बताया कि पेट्रोलियम पर बढ़ती महंगाई के विरोध में वह भी कांग्रेस के भारत बंद को समर्थन देते हैं। ब्यूरो