गाजियाबाद। विजयनगर क्षेत्र की एक कालोनी में रहने वाली महिला ने दिव्यांग बेटी को जन्म दिया तो ससुरालियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोप है कि ससुरालियों ने दहेज में पांच लाख रुपये की मांग की और न देने पर देवर ने छेड़छाड़ करते हुए कपड़े फाड़ दिए। मामले में महिला ने विजयनगर थाने पति समेत कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
महिला का कहना है कि 2013 में उनकी शादी ट्राॅनिका सिटी निवासी एक युवक से हुई थी। शादी के बाद से ससुराल पक्ष के लोग दहेज में पांच लाख रुपये की और मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उनके साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। गर्भवती होने के बावजूद ससुरालिये उनके साथ मारपीट करते रहे। उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया, जो बीमार था। आरोप है कि उपचार के अभाव में उसकी मौत हो गई। बाद में उन्होंने दिव्यांग बेटी को जन्म दिया जो बोल व सुन नहीं सकती थी। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग और नाराज हो गए और उन्हें घर से निकाल दिया। एसीपी कोतवाली सुजीत कुमार राय का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।