गाजियाबाद। बीमा पॉलिसी का कमीशन एजेंट को जानने और शिकायत दर्ज करने का हवाला देकर ठगों ने नंदग्राम के रहने वाले शंकर सिंह रावत को जाल में फंसा लिया। ठगों ने अलग-अलग शुल्क के नाम पर 6.70 लाख रुपये ठग लिए।
शंकर सिंह रावत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें बीमा कंपनी के नाम से कॉल आई और उनकी पॉलिसी की पूरी जानकारी दी गई। कॉलर ने उन्हें उनकी पॉलिसी के बारे में सभी बता दिया कि वह कितनी ईएमआई देते हैं। कॉलर ने उन्हें बताया कि उनकी पॉलिसी से करीब 83 हजार रुपये कमीशन एजेंट को जा रहा है। जिसके बाद उनकी कंप्लेंट दर्ज करने की बात की गई। इसके बाद बताया गया कि उनकी पॉलिसी के 7.75 लाख रुपये बन रहे हैं। उसका टैक्स करीब 2.14 लाख रुपये है। शातिरों ने इसकी मांग की और कहा कि इसके बाद पूरी रकम नौ लाख रुपये खाते में ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। कुछ रकम लेने के बाद अलग-अलग शुल्क के नाम पर उनसे कई बार में 6.70 लाख रुपये ले लिए। एडीसीपी अपराध सच्चिदानंद ने बताया कि ठगी गई रकम को फ्रीज कराने का प्रयास किया जा रहा है।