गाजियाबाद। दिल्ली में आयोजित हुई 47वीं यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में गाजियाबाद शूटिंग क्लब के निशानेबाजों ने 18 पदक हासिल कर जिले का मान बढ़ाया। चैंपियनशिप में सबसे अधिक आयु वर्ग में 62 वर्षीय मंजू त्यागी ने दो स्वर्ण पदक जीते। उन्होंने मास्टर वुमेंस 10 मीटर पिस्टल और 50 मीटर फ्री पिस्टल इवेंट में पहला स्थान प्राप्त किया।
इसके साथ 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल और स्टैंडर्ड पिस्टल जूनियर वर्ग में अवनीश सिंह ने दो कांस्य पदक प्राप्त किए। रितांशु यादव ने 10 मीटर एयर पिस्टल में स्वर्ण, 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल टीम और व्यक्तिगत इवेंट में भी स्वर्ण पदक हासिल किया। सब यूथ वूमेन वर्ग में दिया चौधरी ने सिंगल और 10 मीटर टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीते। शतरंज के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ऋषभ त्यागी ने भी शूटिंग के 25 मीटर और 50 मीटर टीम इवेंट में दो पदक हासिल किए। अहाना कुमार ने 50 मीटर सिंगल इवेंट में कांस्य पदक जीता। अमन लोहिया ने 25 मीटर और 50 मीटर में टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीता। मोनू पाल ने 50 मीटर पुरुष वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं सब यूथ वूमेन टीम इवेंट में शांभवी चंद्रा और अवंतिका नारायण ने स्वर्ण पदक जीता। इस अवसर पर अकादमी के चीफ कोच शिवम त्यागी ने शुभकामनाएं दीं।