\n\n\nवसुंधरा में कई दिनों से आ रहा गंदा पानी\n\n- गंदा पानी आने की वजह से बढ़ी लोगों की परेशानी\n\n- स्थानीय लोगों ने की जल निगम से शिकायत\n\nमाई सिटी रिपोर्टर\n\nसाहिबाबाद। वसुंधरा में पिछले पांच दिनों से लगातार गंदा पानी आ रहा है। वसुंधरा सेक्टर-1 और सेक्टर-4 में शनिवार से ही गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। इसकी वजह से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि लॉक डाउन के बीच फ्लैटों में बंद लोग सप्लाई के पानी पर ही निर्भर हैं। अब कई दिनों से गंदा पानी पीने को ही लोग मजबूर हो रहे हैं।\n\nवसुंधरा सेक्टर-4 मनोकामना सोसायटी के सचिव मनोज भारद्वाज ने बताया कि लगातार पांच दिनों से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। इसकी शिकायत कई बार जल कल विभागीय अधिकारी को दी जा चुकी है लेकिन अधिकारी इसे गंभीरता से नहीं ले रहे। वहीं वसुंधरा सेक्टर-1 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष कैलाश चंद शर्मा ने बताया कि लॉक डाउन के बीच गंदे पानी की सप्लाई से लोग परेशान हैं। मजबूरी में लोग इसी पानी का प्रयोग कर रहे हैं। गंदे पानी के प्रयोग से संक्रमण बढ़ने का भी खतरा है। हैरत की बात तो यह है कि बार-बार अधिकारियों से शिकायत के बाद वह इसकी जांच नहीं कर रहे हैं। कैैलाश चंद शर्मा का कहना है कि वसुंधरा में गंदे पानी के सप्लाई की समस्या लगातार बनी रहती है। दरअसल कई जगह से सीवेज पाइपलाइन लीक है। वहीं गई जगह वाटर पाइप लाइन लीक है जिसकी वजह से मोटर चलने पर लीकेज पाइपलाइन से बाहर की भी गंदगी अंदर आ जाती है और घरों में गंदा पानी पहुंचता है। मनोज भारद्वाज का कहना है कि जल्द ही जल निगम अधिकारियों ने पाइपलाइन की चेकिंग नहीं की और गंदे पानी से लोगों को निजात नहीं दिलाई तो लॉक डाउन के बावजूद लोगों को अधिकारियां का घेराव करना होगा। लोगों का कहना है कि वर्तमान हालात में सभी गंगाजल पर ही निर्भर है, ऐसे में गंदा पानी आने से लोगों के सामने बीमार होने और संक्रमित होने का खतरा है। वहीं जोनल अधिकारी सुनील रॉय का कहना है कि गंदा पानी पहुंचने की शिकायत मिली है, वसुंधरा में पाइपलाइन की जांच कराई जा रही है। जहां से भी लीक होगा उसे दुरुस्त कर दिया जाएगा।\n\n------------\n\nनिशा ठाकुर