लोनी। बंथला स्थित लोनी तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 58 लोगों ने अपर जिलाधिकारी भू अर्जन मोनू त्रिपाठी के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। हालांकि मौके पर केवल पांच शिकायतों का ही समाधान हो सका। संपूर्ण समाधान दिवस में सबसे ज्यादा 26 शिकायतें राजस्व विभाग की आईं। नगर पालिका परिषद की 19, पुलिस की सात और विद्युत निगम की छह शिकायतें आई। इनके अलावा गाजियाबाद विकास प्राधिकरण और सब रजिस्ट्रार से संबंधित शिकायतें आई। एडीएम ने 53 शिकायतों के निस्तारण के लिए अधीनस्थ अफसर-कर्मियों को त्वरित गति से करने के निर्देश दिए। इस दौरान लोनी एसडीएम अवनीश सिंह, नायब तहसीलदार रति गुप्ता, नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी केके मिश्रा समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।