साहिबाबाद। पीएम-ई-बस सेवा के तहत अगले महीने जिले को पहले चरण में 50 ई-बस मिलेंगी। बसों को आसपास के जनपदों के रूट में संचालित किया जाएगा। गाजियाबाद जिले में प्रधानमंत्री इलेक्ट्रिक बस सेवा योजना के अंतर्गत 150 ई-बस मिलनी हैं। ई-बसों को जिन मार्गों पर चलाया जाएगा, उसके लिए सर्वे किया जा रहा है। सर्वे पूरा होते ही बसों के संचालन की तारीख तय कर दी जाएगी। ई-बस डिपो प्रभारी ज्योति सक्सेना ने बताया कि इसके संचालन से लेकर चार्जिंग स्टेशन तक बनाने के लिए शासन स्तर पर कवायद तेज हो गई है। उन्होंने बताया कि लोगों को जनपद के पास के जिलों में जाने के लिए हर बस स्टॉप पर पांच मिनट में बस मिलेगी। पीएम-ई बस सेवा के अंतर्गत गाजियाबाद जनपद को मिलने वाली ई-बसों को मेरठ, हापुड़, नोएडा, बागपत, बुलंदशहर के शहरों को जोड़ा जाएगा। इलेक्ट्रिक बस सेवा के प्रबंध निदेशक केएन चौधरी ने बताया कि बसों के रूट के लिए सर्वे चल रहा है वह काम भी जल्द पूरा हो जाएगा।