कौशांबी। वैशाली सेक्टर 3 में दिल्ली एमटीएनएल से सेवानिवृत्त अधिकारी श्याम कुमार ने कौशांबी पुलिस को तीन लोगों पर प्रॉपर्टी में निवेश कराकर 45 लाख रुपये हड़पने और बेटे पर फायरिंग का मुकदमा दर्ज कराया है। उन्हें मामले में पांच लाख की फिरौती नहीं देने पर बेटे का अपहरण करने की धमकी दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को शिकायत में उन्होंने बताया कि सरकारी नौकरी से सेवानिवृत्त होने के बाद परिचित रामनाथ सैनी ने उनके पैसे प्रॉपर्टी में निवेश कराने का झांसा दिया। 2020 में उन्होंने अलग-अलग खाते में 20 लाख रुपये जबकि नकद में 25 लाख रुपये दिये। इस बारे में कुछ समय बाद उनके बेटे विकास को पता चला तो उसने इसका विरोध किया और पैसे मांगे। उनका आरोप है कि स्थिति संभालने के लिए उन्होंने रामनाथ से पैसे मांगे तो आरोपी मामले को टालने लगा। कई दिन बीतने के बाद उन्होंने फिर पैसों के लिए कहा तो आरोपी ने अभद्रता शुरू कर दी। इतना ही नहीं, उनके घर आकर जातिसूचक शब्द बोलकर सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाया। इस बीच विकास मानसिक तनाव में आ गया। उसकी डॉक्टर से जांच शुरू कराई गई। आरोप यह भी है कि एक दिन आरोपी समेत तीन लोग उनके घर आए और एक लाख रुपये का चेक देकर बेटे विकास पर हथियार से फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि बेटा बाल-बाल बच गया। उन्हें धमकी दी कि यदि पुलिस को शिकायत की या किसी को कुछ बताया तो जान से मार देंगे। उनका आरोप है कि आरोपी ने उन्हें फोन करके पांच लाख की फिरौती भी मांगी है। पैसे नहीं देने पर बेटे का अपहरण करने की धमकी दी। एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि धोखाधड़ी और धमकी का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रहे हैं।
-