गाजियाबाद। स्मार्ट मीटर लगाने की तैयारी के बीच बिलों में गड़बड़ी से उपभोक्ता परेशान ही नहीं बल्कि हैरान भी हैं। घरों में लगे बिजली के मीटर में 44576 और बिल में बढ़कर 45800 तक आ रही हैं। ऐसी करीब 100 शिकायतें रोज विद्युत निगम को मिल रही हैं। उपभोक्ताओं के मीटर के मुकाबले बिल में 300 से एक हजार तक यूनिट अधिक आ रही हैं।
ऊर्जा निगम ने बिजली के बिलिंग का ठेका मेरठ की क्यूस कंपनी को दे रखा है। इस कंपनी के मीटर रीडर रीडिंग लेकर बिल बनाते हैं, लेकिन कुछ मीटर रीडर बिना रीडिंग लिए उपभोक्ताओं के मोबाइल पर बिल भेज रहे हैं। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उपभोक्ता गर्मी में उपकेंद्रों पर बिल ठीक कराने के लिए पहुंच रहे हैं। अकेले राजनगर उपकेंद्र पर रोज 25 से 30 लोग बिजली का बिल लेकर ठीक कराने पहुंच रहे हैं।
दो महीने से नहीं आया मीटर रीडर :
दो महीनों से कोई मीटर रीडर रीडिंग लेने नहीं आया है, अब मोबाइल पर सीधा चार हजार रुपये का बिल आया है। - मुबीना बेगम, इंद्रगढ़ी
बिल और मीटर की यूनिट में अंतर :
मीटर रीडर के द्वारा भेजी रीडिंग मीटर में दर्ज रीडिंग से बहुत कम है। बिल सही कराने के लिए चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। - सुनील कुमार, गोविंदपुरम
एक हजार यूनिट आईं ज्यादा :
मोबाइल पर आए बिल और मौके पर मीटर की रीडिंग में करीब एक हजार यूनिट का अंतर है। अगर बिल सही नहीं हुआ तो सात हजार रुपये अधिक जमा करने पड़ेंगे।
- दिनेश गर्ग, राधा एंक्लेव
पिछले बिल औसत के आधार पर बना रहे
पिछले तीन महीनों से लगातार बिजली का बिल ठीक कराने के लिए आना पड़ रहा है। मीटर रीडर हर बार बिना रीडिंग लिए बिल भेज रहे हैं।
- माया देवी, स्वर्ण जयंतीपुरम
ऊर्जा निगम द्वारा मीटर रीडिंग का ठेका प्राइवेट कंपनी को दिया गया है। यदि मीटर रीडर इस तरह के कार्य कर रहे है तो संबंधित कंपनी के अधिकारियों से कार्रवाई के लिए कहा जाएगा।
- नीरज स्वरूप, मुख्य अभियंता, ऊर्जा निगम
कंपनी के कर्मचारी घर-घर जाकर रीडिंग ले रहे हैं। मनमर्जी से बिल भेजने की बात निराधार है। यदि उपभोक्ता का गलत बिल आ रहा है तो उसे तत्काल ठीक कराया जा रहा है।
- सचिन कुमार, सुपरवाइजर, मीटर रीडिंग कंपनी
कम रीडिंग पर होती है कार्रवाई
ऊर्जा निगम के अवर अभियंता प्रमोद कुमार ने बताया कि अगर मीटर में यूनिट अधिक और बिल में कम होने पर कार्रवाई की जाती है। इस तरह के भी कई मामले पकड़े गए हैं। इनके विभागीय कार्रवाई भी संबंधित के खिलाफ हुई है। अधिक यूनिट के बिल की शिकायत पर रीडिंग लेने वाली कंपनी से संपर्क किया जाएगा।