गाजियाबाद। नंदग्राम थाना क्षेत्र की राजनगर एक्सटेंशन स्थित पॉम रिसोर्ट सोसायटी में रहने वाले संदीप कुमार वर्मा से साइबर ठगों ने टेलीग्राम टॉस्क के जरिए चार लाख 41 हजार 497 रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित के मुताबिक रिया सानवी नाम की युवती ने उन्हें कॉल कर टेलीग्राम टॉस्क रिव्यू करने में मुनाफा होने का झांसा दिया। पूर्व में निशुल्क टॉस्क दिए गए और कुछ मुनाफा भी खातों में भेजा गया। इसके बाद ठगों ने प्रीपेड रिव्यू अलॉट करने शुरू किए। बताया कि कभी सीबी कस्टमर सपोर्ट, क्रेडिट स्कोर, निकासी कोड आदि के नाम पर रुपये भी जमा कराए। लगातार रुपये निवेश करने का दबाव और खाते से रुपये न निकाल पाने से परेशान होकर पीड़ित ने नंदग्राम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिया सानवी, शिवाली देव और प्रशांत अग्रवाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।