- नरसेना के गांव अलीनगर के नौ लोगों से ठगी किये जाने का है मामला - पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश की शुरु बुलंदशहर।नरसेना थानाक्षेत्र के गांव अलीनगर निवासी नौ लोगों से एक शातिर ने लगभग 40 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने एक फर्जी कंपनी खोलकर लोगों को लालच दिया कि वह अपनी रकम कंपनी में लगाए और चार रुपये प्रति सैकडा के हिसाब से सभी को ब्याज दिया जाएगा। कुछ माह तक तो आरोपी ने ब्याज दिया, लेकिन उसके बाद देना बंद कर दिया। जब लोगों ने अपना मूल मांगा तो देने से इन्कार कर दिया। उल्टे हत्या की धमकी देने लगा। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। नरसेना थाना क्षेत्र के गांव अलीनगर निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि जनपद हापुड़ के बहादुरगढ़ थानाक्षेत्र के गांव चांदनेर निवासी अशोक कुमार ने निफटेक एडवाइजरी सर्विस के नाम से कंपनी खोली। इसके बाद आरोपी ने प्रमोद कुमार से संपर्क किया और बताया कि वह इस कंपनी में यदि रकम लगाएगा तो उसे चार प्रतिशत के हिसाब से हर माह ब्याज दिया जाएगा। बाकी उनका पैसा सुरक्षित रहेगा और जब वह पैसा निकालना चाहेंगे तो निकाल सकेंगे। प्रमोद को लालच आ गया और उसने साढ़े तीन लाख रुपये अपने तो लगाए ही, साथ ही अपने गांव के ही देवेंद्र, रमेश, राजीव, महेंद्र कुमार, मामचंद, कुसुमपाल, काछिंद, राकेश, संजीव आदि के भी लाखों रुपये लगवा दिए। कुल मिलाकर कंपनी को 40 लाख रुपये दिए गए। पूरी की पूरी रकम आरोपी के पंजाब नेशनल बैंक के एकाउंट में किसी ने चेक के माध्यम से तो किसी ने कैश जमा करके लगाई। आरोप है कि अब वह उससे अपने पैसे मांग रहे हैं, लेकिन आरोपी हत्या की धमकी देने के बाद गायब हो गया। उसका नंबर भी बंद जा रहा है। नरसेना थाना प्रभारी शोकेंद्र सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके आरोपी की तलाश की जा रही है।