साहिबाबाद। गाजियाबाद से आसपास के जिलों को जोड़ने के लिए सितंबर से 38 अंतरराज्यीय ई-बसों का संचालन प्रस्तावित है। यह बसें सिटी बस (ई-बस) से बड़ी होगी। इनकी लंबाई 12 मीटर होगी जबकि सिटी बस की लंबाई नाै मीटर है। कुल 11 रूटों पर बसों को चलाने के लिए मार्ग प्रस्तावित किए गए है। इन बसों को चार्ज करने के लिए जल्द ही साहिबाबाद डिपो में 6.84 करोड़ रुपये की लागत से तीन एमवीए और पांच एमवीए के आठ चार्जिंग प्वाइंट बनाने का काम शुरू होगा।
गाजियाबाद रीजन के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (कार्मिक) एके दास ने बताया कि सितंबर से 38 अंतरराज्यीय ई-बसों का संचालन की प्रक्रिया संभावित है। सभी ई-बसों को साहिबाबाद डिपो में खड़ा किया जाएगा। इन बसों का संचालन दिल्ली के आनंद विहार, कश्मीरी गेट, सराय काले खां और कौशांबी से होगा। यह बसें रुड़की होते हुए हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून जाएंगी। मुरादाबाद, रूद्रपुर होते हुए हल्द्वानी जाएंगी।
वहीं, हापुड़ होते हुए मुरादाबाद, परी चौक-जेवर कट-बाजना-मथुरा कट होते हुए आगरा, लोनी बस स्टैंड-बागपत-बड़ौत-कांधला होते हुए शामली, कौशांबी-गजरौला, धामपुर-अफजलगढ़ होते हुए कालागढ़ जाएंगी। उन्होंने बताया कि बसों को चलाने के लिए परिवहन निगम की ओर से चालकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू होने वाली है। कुल 38 ई-बसों को चलाने के लिए 85 चालकों की भर्ती होगी। (संवाद)
इन रूट पर प्रस्तावित है ई-बसों का संचालन प्रस्तावित रूट बसों की संख्या किलोमीटर
कश्मीरी गेट-हरिद्वार-ऋषिकेश 04 530
कश्मीरी गेट-देहरादून 04 530
कश्मीरी गेट-शामली 02 200
आनंद विहार-हल्द्वानी 04 560
आनंद विहार-अलीगढ़-कासगंज 02 446
सराय काले खां-आगरा 02 474
सराय काले खां-मथुरा 02 340
कौशांबी-मुरादाबाद 06 328
कौशांबी-बरेली 06 518
कौशांबी-मेरठ 04 152
कौशांबी-धामपुर-कालागढ़ 02 456
-
इन जगहों पर बनेगा 240 किलोवॉट का चार्जिंग प्वाइंट
मुरादनगर, मुरादाबाद, अलीगढ़, मथुरा, फरूखाबाद, बदायू, नजीबाबाद, कासगंज, मथुरा, साहिबाबाद डिपो