गाजियाबाद इन्वेस्टर्स समिट में केंद्रीय मंत्री वीके सिंह व अन्य
- फोटो : अमर उजाला
गाजियाबाद उद्यमियों की सबसे बड़ी पसंद बन गया है। यूपी में फरवरी में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स सम्मिट से पहले जिला स्तर पर हुई गाजियाबाद इन्वेस्टर्स समिट में से 3200 से ज्यादा उद्यमियों ने 92,000 करोड़ रूपए निवेश करने का निर्णय लिया है। उद्यमियों ने विभिन्न विभागों के माध्यम से जिला प्रशासन को प्रस्ताव सौंप दिए हैं। इनमें से 2620 उद्यमियों ने करीब 72,000 करोड़ रुपये के एम ओ यू भी साइन कर लिए हैं।
बुधवार को कौशांबी के होटल रेडिसन ब्लू में हुई समिट में जीडीए जिला उद्योग केंद्र नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया आवास विकास परिषद समेत कई विभागों ने निवेशकों के सामने यूपी सरकार की ओर से उद्यमियों को मिलने वाली छूट व अन्य पॉलिसी की जानकारियों का प्रेजेंटेशन किया। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने बताया कि गाजियाबाद में नेशनल हाईवे नौ से लेकर राजनगर एक्सटेंशन होते हुए मंडोला तक नई रोड बनाई जाएगी। इस मार्ग को मंडोला में दिल्ली देहरादून ग्रीन कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह मार्ग गाजियाबाद के उद्योगों के लिए संजीवनी साबित होगा। उन्हें माल ढुलाई के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। समिट में उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री राकेश सचान ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से उद्यमियों को पहली बार कैपिटल में भी चार करोड़ तक का अनुदान दिया जाएगा। इसके अलावा उनके लिए सस्ती दरों पर जमीन दिलाने और प्राइवेट औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने पर स्टांप शुल्क में छूट भी दी जाएगी। औद्योगिक विकास के साथ-साथ पर्यावरण पर भी यूपी सरकार का फोकस बड़ा है। मंत्री राकेश सचान ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों में ट्रीटमेंट प्लांट लगाने वाले उद्यमियों को अधिकतम 10 करोड़ तक का अनुदान दिया जाएगा।
इन्वेस्टर सम्मिट में केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने कहा कि गाजियाबाद का माहौल उद्योगों को लगाने के लिए अनुकूल बना है। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद की भौगोलिक स्थिति बहुत अच्छी है। देश की राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद से जेवर हवाई अड्डा बहुत नजदीक है, इससे माल ढुलाई में फायदा मिलेगा। देश की पहली रैपिड मेट्रो रेल और बेहतर रेल नेटवर्क गाजियाबाद में मौजूद है। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद को कानपुर फ्रेट कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा। उन्होंने उद्यमियों से अपील की है कि सरकार ने जो योजनाएं उनके लिए संचालित की हैं और जो छूट दी है। उसका उपयोग कर गाजियाबाद में ज्यादा से ज्यादा निवेश करें ताकि बेहतर लाभ कमाया जा सके। इन्वेस्टर सम्मिट में राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप, मेयर आशा शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, विधायक अतुल गर्ग नंदकिशोर गुर्जर सुनील शर्मा अजीत पाल त्यागी और मंजू शिवाज समेत जिले के सभी अधिकारी मौजूद रहे।