फाटक बंद करने आई रेलवे की टीम से मिले ग्रामीण
खुर्जा। धरपा फाटक को बंद कराने पहुंची टीम से ग्रामीणों ने फ्लाईओवर बनाने की मांग की। उन्होंने रेलवे के अधिकारियों को भी पत्र भेजा है।
बता दें कि धरपा रेलवे फाटक बंद होने की जानकारी मिलने के बाद से आसपास के ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। ग्रामीण रेलवे अधिकारियों से लेकर जिला प्रशासन तक सबसे फ्लाईओवर बनाने की मांग कर चुके हैं। इसके लिए उन्होंने चुनाव से पूर्व मतदान न करने की चेतावनी भी दी थी। बृहस्पतिवार को फाटक बंद कराने को लेकर रेलवे की टीम पहुंची थी। जहां पर पहुंचे काफी संख्या में ग्रामीणों ने फ्लाईओवर बनाने की मांग की। किसानों ने कहा कि रेलवे लाइन की दूसरी तरफ उनकी 250 हेक्टेयर जमीन है। खेतों पर आने-जाने के लिए यही एक मात्र रास्ता है। यहां प्रतिदिन बुग्गी, ट्रैक्टर, बाइक आदि से वह खेतों पर आते-जाते हैं। इसके अलावा 18 गांवों के लोगों के लिए यही आम रास्ता है। अगर फाटक को बंद कर दिया गया तो किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। किसानों ने कहा कि जब तक फाटक पर फ्लाईओवर नहीं बन जाता है, तब तक इस फाटक को बंद नहीं किया जाए। जयपाल सिंह, राजकुमार, रामवीर शर्मा, ममता शर्मा, सलीम खान, नेमपाल सिंह, राकेश, विपिन, सुरेश, साबिर खान, विनोद कुमार, मंजू देवी, राखी देवी आदि रहे। ब्यूरो