गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित सिद्धार्थ विहार के बिहारी मार्केट स्थित क्लीनिक पर इलाज कराने आए युवक की इंजेक्शन लगने के बाद मौत का मामला सामने आया है। मंगलवार की शाम को युवक बुखार की शिकायत के बाद इलाज कराने के लिए गया था। आरोप है कि अपंजीकृत चिकित्सक के इंजेक्शन लगाने के बाद युवक के मौत की मौत हो गई है। हंगामे के बाद मौके पर पुलिस पहुंची उससे पहले चिकित्सक फरार हो गया।
मंगलवार को शाम जितेंद्र यादव नामक 30 वर्षीय युवक क्लीनिक पर इलाज कराने पहुंचा था। जितेंद्र के दोस्त रणविजय ने बताया कि वह मजदूरी करता था। बुखार के बाद वह इलाज कराने पहुंचा था। चिकित्सक ने युवक को इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद उसकी हालत खराब होने लगी। मौत की आशंका के बाद जब हंगामा हुआ तो पुलिस पहुंची पुलिस के पहुंचने से पहले ही चिकित्सक वहां से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने वहां हंगामा किया।
सीएमएस डॉ. मनोज चतुर्वेदी ने बताया कि शाम को सवा पांच बजे युवक को मृत अवस्था में इमरजेंसी में लाया गया था। सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारण की जानकारी मिल पाएगी। वहीं, गलत इलाज से मौत होने के आरोपों की भी जांच कराई जाएगी, आरोपों की पुष्टि हुई तो कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना है कि झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया लगातार चल रही है।
वहीं, एसीपी कोतवाली निमिष पाटिल का कहना है कि पुलिस मौके पर पहुंची थी और युवक को एमएमजी लाया गया था। इस मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। परिजनों की ओर से तहरीर दी जाएगी तो उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने दिए थे कार्रवाई के निर्देश
जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत के बाद कुछ महीनों पहले उपमुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने स्वास्थ्य विभाग से झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई का ब्योरा तलब किया था। उन्होंने कार्रवाई के निर्देश भी दिए थे। इसके बाद विभाग ने दो दिन में मसूरी, डासना, कविनगर, इंदिरापुरम, खोड़ा और कौशांबी थाना क्षेत्र में 11 के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। इसके अलावा 100 से अधिक झोलाछाप के खिलाफ संबंधित थानों में तहरीर भी दी गई थी। सबसे अधिक विजयनगर, कैलाभट्ठा, साहिबाबाद, लोनी और मसूरी क्षेत्र से ऐसी शिकायतें मिलती हैं।
-
इनके खिलाफ भी दर्ज हो चुकी एफआईआर
इस्लामुद्दीन - मतीन लाइफ केयर क्लीनिक, डासना
कादिर - फैज क्लीनिक, डासना
जे. सिंह - डेविड क्लीनिक, विजयनगर
एम. खान - जनता क्लीनिक महाराजपुर, इंदिरापुरम
विजय सिंह मेहता - हेल्थ केयर सेंटर वाल्मीकि चौक महाराजपुर, इंदिरापुरम
राज - रिया क्लीनिक लालकुआं, मानसरोवर पार्क
एके - बम्हैटा
दयानंद - नेहा क्लीनिक, खोड़ा कॉलोनी
आरके सैनी - सोम बाजार, खोड़ा
सुभाष चंद्र - इतवार बाजार संगम पार्क, खोड़ा
पुनीत - अवंतिका क्लीनिक, सनी बाजार, खोड़ा
-
पहले हुईं घटनाएं
कुछ महीनों पहले विजयनगर में झोलाछाप के गलत इंजेक्शन लगाए जाने से एक गर्भवती महिला की मौत हो गई थी। इससे पहले विजयनगर में ही एक बच्चा और एक युवक भी झोलाछाप का शिकार बन चुके हैं। लोनी के पूजा कालोनी निवासी देवशरण सिंह के तीन वर्षीय बेटे तीन वर्षीय बेटे निर्भय सिंह की मौत हो गई थी। घटना के बाद झोलाछाप दुकान बंद कर फरार हो गया था। परिजनों ने बताया था कि बच्चे को बुखार हुआ था। झोलाछाप ने जो दवाई बच्चे को दी थी, उसे खिलाने के बाद मौत हो गई थी। इसके अलावा नंदग्राम के दीनदयालपुरी निवासी सिंहेश्वर के पैर में खरोंच लगने के दूसरे दिन बुखार हुआ था। चिकित्सक के पास पास दवा लेने गए तो उसने ग्लूकोज चढ़ा दिया, जिसके बाद उनकी हालत और खराब हो गई थी।