महामाया स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुई पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दौरान 100 मीटर दौड़ में दम लगा
गाजियाबाद। पैरा एथलेटिक एवं पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता में 30 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। विश्व विकलांगता दिवस पर बुधवार को जिले में पहली पैरा एथलेटिक एवं पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। महामाया स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता में शांतनु, जाहिद खान, अनिल कुमार, संदीप पंचाल, नाजिया, ऋतेश, करण, रोशन, माहक, अल्का, ज्योति, मयंक, राहुल चौधरी, दीपक, सतीश, सोनू, आरिफ, दीपक, इजाजुद्दीन, निखिल शर्मा, देवांश, सार्थक, आदित्य, आदर्श, अरविंद, नाजिया, यश चुने गए हैं। इसमें पावरलिफ्टिंग के अलावा 100 मीटर, 200 मीटर दौड़ प्रतियोगिता, गोला फेंक, डिस्कस थ्रो और अन्य खेलों के आयोजन हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीडीओ अभिनव गोपाल शामिल हुए। उन्होंने कहा कि पैरा खिलाड़ी किसी भी प्रकार से सीमित नहीं, बल्कि अदम्य इच्छाशक्ति और प्रेरणा के प्रतीक हैं। इस प्रतियोगिता में लगभग 110 पैरा खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। इस दौरान पावरलिफ्टिंग पैरा ओलंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन जेपी सिंह, पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन गाजियाबाद के चेयरमैन सत्य यादव, समिति के अध्यक्ष अरुण वीरवाल, संरक्षक मुकेश दत्त, सचिव मोनू कुमार, संयुक्त सचिव राजेंद्र यादव मौजूद रहे।