गाजियाबाद। एमएमजी, संयुक्त अस्पताल लोनी व संजय नगर, चार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 273 नए लोग कुत्तों के काटने से घायल होकर एंटीरेबीज वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंचे थे, इनमें 55 बच्चे और 22 बुजुर्ग भी शामिल हैं। चूहे के दो और बिल्ली के काटने पर तीन लोग एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने अस्पताल पहुंचे। नौ लोगों को बंदरों ने काट लिया था। लोनी में 45 लोगों ने पहला डोज लगवाया। जिले में 447 लोगों ने दूसरा और तीसरा डोज लगवाया। विजयनगर के रहने वाले 13 वर्षीय सुमित को आवारा कुत्तों ने पार्क में खेलते समय घेर लिया। वह जमीन पर गिर गया। कुत्तों ने उसके पैर में कई जगह काट लिया था।
एमएमजी अस्पताल के सीएमएस डॉ. मनोज कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि अस्पताल में सबसे अधिक विजय नगर, अर्थला और नंदग्राम क्षेत्र से कुत्ते काटने से घायल आ रहे हैं। इनमें से दो तिहाई संख्या बच्चों की है। उन्होंने बताया कि अधिकांश घायलों को एआरवी लगाने के साथ ही घाव भरने के लिए अलग से दवाई देने की जरूरत भी पड़ती है।
सीएचसी एआरवी नोडल अधिकारी डॉ. जीपी मथूरिया ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में सबसे अधिक मोदीनगर में लोगों पर कुत्ते हमले कर रहे हैं। डॉ. मथूरिया ने बताया कि सोमवार को लोनी में 45 लोगों को पहला डोज लगाया गया।
छेड़ने पर कुत्ते होते हैं आक्रामक
पशु चिकित्सक डॉ. प्रीतपाल का कहना है कि बदलते मौसम का जैसे हमारे शरीर पर असर पड़ता है, वैसे ही कुत्तों पर भी होता है। बारिश में त्वचा का संक्रमण कुत्तों को खतरनाक बनाता है। इसके अलावा अधिकांश कुत्ते किसी को तभी काटते हैं, जब उन्हें किसी तरह से छेड़ दिया जाता है। बच्चे किसी न किसी तरह से छेड़ देते हैं या डर से उन्हें भगाने के लिए ईट-पत्थर व डंडे मार देते हैं तो वह आक्रामक होकर काटने लगते हैं।
अस्पताल सोमवार को लगी एआरवी
अस्पताल पहला डोज दूसरा व तीसरा
जिला एमएमजी अस्पताल 94 141
संयुक्त अस्पताल संजय नगर 51 138
संयुक्त अस्पताल लोनी 24 27
सीएचसी डासना 23 31
सीएचसी मुरादनगर 22 21
सीएचसी मोदीनगर 21 35
सीएचसी लोनी 21 32
सीएचसी भोजपुर 17 22
-