गाजियाबाद। 35 बच्चों समेत 244 लोगों को कुत्तों और बंदरों ने काटकर घायल कर दिया। यह सभी घायल रेबीज से बचने के लिए स्वास्थ्य केंद्रों पर एआरवी लगवाने पहुंचे थे। इनमें छह बुजुर्ग भी शामिल हैं। 397 लोगों ने एआरवी की दूसरी व तीसरी डोज लगवाई। एंटी रेबीज वैक्सीन खत्म होने पर एक गाड़ी लखनऊ भेजी गई है।
संजयनगर निवासी संतोष के सात वर्षीय बेटे दीपक पर सोमवार को स्कूल से घर जाते समय कुत्तों ने हमला कर दिया। कुत्तों से बचने के लिए बच्चा भागने लगा, इस दौरान संतुलन बिगड़ने से गिर गया। बच्चे की जांघ, हाथ और पीठ पर कुत्तों ने काटकर घायल कर दिया। संजयनगर स्थित संयुक्त अस्पताल में उसे एआरवी लगाने के बाद दवाई दी गई। शनिवार को भी संजयनगर में कुत्तों ने हमला करके एक महिला को घायल कर दिया था।
सीएमओ डाॅ. भवतोष शंखधार ने बताया कि एंटी रेबीज वैक्सीन की दो हजार वायल मंगवाई गई हैं। पिछले तीन महीने में कुत्ते काटने के मामले तेजी से बढे हैं। इससे एआरवी की खपत भी बढ़ गई है।
सोमवार को लगाई गई एआरवी
अस्पताल नए पुराने
जिला एमएमजी अस्पताल 86 104
संयुक्त अस्पताल संजयनगर 38 121
संयुक्त अस्पताल लोनी 18 26
सीएचसी लोनी 18 21
सीएचसी डासना 19 26
सीएचसी मुरादनगर 27 33
सीएचसी मोदीनगर 23 42
सीएचसी भोजपुर 15 24