गाजियाबाद। कविनगर के गोविंदपुरम की रहने वाली पूजा को शातिरों ने जाल में फंसाकर 2.17 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने इंस्टाग्राम पर डाटा एंट्री की नौकरी का लिंक भेजकर ठगी की। मामले में उन्होंने कविनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
पूजा का कहना है कि उनके पास इंस्टाग्राम पर एक लिंक आया। जिसे खोलने पर डाटा एंट्री करने की नौकरी के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद लॉगइन करने पर उनसे रुपये मांगे गए और बताया कि कमीशन के साथ रुपये वापस मिल जाएंगे। इसके बाद उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया। जहां उन्हें एक व्यक्ति ने काम से संबंधित जानकारी दी। विश्वास में आकर उन्होंने कई बार में 2.17 लाख रुपये दे दिए लेकिन उन्हें रुपये वापस नहीं मिले। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि ठगी की रकम को फ्रीज करने का प्रयास किया जा रहा है।
महिला के खाते से 2.65 लाख रुपये निकाले : नेहरूनगर निवासी मंजू यादव के खाते से ठगों ने 2.65 लाख रुपये निकाल लिए। उनका कहना है कि इस ट्रांजेक्शन के संबंध में उनके पास न कोई कॉल आई और न ओटीपी। इसके बावजूद उनके खाते से रुपये निकल गए। मामले में उन्होंने सिहानी गेट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी नंदग्राम का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।