साहिबाबाद। गाजियाबाद रीजन के आठ बस डिपो से रक्षाबंधन के लिए 200 बसें आरक्षित की गई हैं। इन बसों को महिलाओं के लिए रक्षाबंधन के दिन निशुल्क यात्रा के दौरान चलाया जाएगा। हालांकि अभी मुख्यालय से निशुल्क यात्रा के लिए कोई आदेश नहीं आया है। बसों के चलने से लंबी दूरी में जाने वाली महिला यात्रियों को फायदा मिलेगा। एक सप्ताह तक विशेष परिस्थिति को छोड़कर चालक-परिचालकों की छुट्टी रद्द की जाएगी।
कौशांबी डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक शिव बालक ने बताया कि रक्षाबंधन पर 200 अतिरिक्त बसों के संचालन के साथ मेरठ, हापुड़, मुरादाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़ के लिए जाने वाली बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे। सुगम यातायात में जाम की समस्या न हो इसके लिए पुलिस को पत्र लिखा जाएगा, जो लालकुआं, विजयनगर, छिजारसी, नोएडा सेक्टर-62, यूपी गेट, मोदीनगर, मुरादनगर, राजनगर एक्सटेंशन और मोहननगर पर जाम की समस्या से निजात दिलाएंगे, जिससे त्योहार के दिन सफर करने वाली महिलाओं को परेशानी न हो और समय से उनको गंतव्य तक पहुंचाया जा सके।
ई-बस में भी मिलेगी सौगात
रक्षाबंधन के दिन शहर के अंदर चलने वाली ई-बस में भी महिलाओं के लिए निशुल्क यात्रा होगी। शहर के छह रूट कौशांबी-गोविंदपुरम, पावन चिंतन धारा आश्रम, दादरी, पुराना बस-लोनी, मंडोला और दिलशाद गार्डन-मसूरी तक चलने वाले ई-बसों में महिलाएं निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। गोविंदपुरम और एएलटी रूट पर चलने वाली बसों की बैटरी खराब होने से इनका संचालन बंद है। डिपो के कर्मचारी बैटरी व अन्य उपकरण ठीक कर रहे हैं। डिपो प्रभारी ज्योति सक्सेना ने बताया कि खराब बसों को 15 अगस्त तक ठीक करा दिया जाएगा। मुख्यालय से आदेश आने के बाद तय तिथि पर महिलाएं किसी भी रूट पर चल रही ई-बस में निशुल्क यात्रा कर सकती हैं।
बरेली रूट पर जाने वाले यात्री रहे परेशान
गढ़मुक्तेश्वर पर डायवर्जन होने से बरेली जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। जाम में फंसने से बसें स्टैंड तक समय से नहीं पहुंच पाती हैं। एआरएम शिव बालक ने बताया कि जिले में रूट डायवर्जन खत्म होने के बाद बसें अपने-अपने रूट पर सामान्य रूप से चल रही हैं। बरेली रूट पर भी जल्द डायवर्जन खत्म होने के बाद संचालन सामान्य होगा। शनिवार को कौशांबी बस अड्डा से 17,424 यात्रियों ने सफर किया।