लोनी। नवजात बच्ची की तस्करी के 17वें आरोपी को ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस गिरोह के 16 सदस्यों को साथियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पूजा कॉलोनी निवासी हिना की 11 दिन की नवजात बच्ची को 26 मई को घर से चोरी कर लिया गया था। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज की सहायता से मनोज उर्फ मोनू और पूजा को पकड़ा था। दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने दो जून को सुनील कुमार, संजय, राजेंद्र सिंह, पवन कुमार, राबिया, विनीत कुमार, कृष्णा देवी, फरमीना, ज्योति और कुमकुम को मंडोला क्षेत्र से गिरफ्तार कर नवजात को परिजन को सौंपा था। गिरोह के सदस्य नवजात को आंध्र प्रदेश में दंपती को बेचने जा रहे थे। पुलिस ने बृहस्पतिवार को प्रदीप मेहता निवासी ग्राम कुमारपुर थाना बिहारीगंज जनपद मधेपुरा बिहार को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गिरोह के सदस्य अनिल लकड़ा के साथ चार वर्ष से काम कर रहा है। अनिल ने ही उसे आर्थिक रूप से कमजोर दंपती से कम दाम में नवजात खरीदकर महंगे दाम में बेचने के धंधे में शामिल किया था। अनिल को नोटों की कलर फोटोकॉपी करने की जानकारी थी। अनिल ने और करुणा ने गिरोह के सरगना मनोज उर्फ मोनू से मिलवाया। मनोज ने साथ काम करने और नकली नोटों को नवजात को खरीदने में प्रयोग करने की बात कहीं थी। मनोज एक लाख रुपये के नकली नोट देने पर 25 हजार रुपये और बच्चा बेचने के बाद कमीशन देता था। नकली नोट मनोज तक पहुंचाने का कार्य अनिल और करुणा करते थे।