मुरादनगर। कृषि भूमि बेचने के नाम पर एक व्यक्ति से 1.65 करोड़ रुपये ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जनपद गौतमबुद्धनगर के चिपियाना बुजुर्ग निवासी योगेश शर्मा ने केस दर्ज कराया है कि भिक्कनपुर गांव में 30 बीघा कृषि भूमि का सौदा अजित राणा से तय हुआ था। प्रथम पक्ष ने बयाना के तौर पर 1.65 करोड़ रुपये दिए थे, बाकी रकम बैनामा के समय देना तय हुआ था। आरोप है कि बयाना की रकम लेने के बाद भी अजित राणा ने न तो जमीन दी और न ही रकम लौटा रहा है। एसीपी से पीड़ित पक्ष ने इसकी शिकायत की। योगेश शर्मा के अनुसार 11 अगस्त 2023 को दोनों पक्षों में समझौता हुआ था, अजित राणा ने 25 जनवरी 2024 तक रुपये लौटाने का वायदा किया था। लेकिन अभी तक उसने रुपये नहीं लौटाये। अब उसने फोन तक उठाना बंद कर दिया। डीसीपी ग्रामीण से पीड़ित शिकायत कर मामले में कार्रवाई की मांग की। एसीपी ने बताया कि तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।