गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र निवासी बीटेक के छात्र अनुज कुमार और उनके भाई से ट्रेडिंग में निवेश कर मुनाफे का झांसा देकर 16 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। अनुज ने अपने सहपाठी आशीष यादव और उसके पिता संतोष यादव निवासी दाउदपुर जमानिया, गाजीपुर पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है।
अनुज कुमार का कहना है कि उनकी कक्षा में आशीष यादव पढ़ता है। आशीष ने उन्हें विश्वास में लेकर ट्रेडिंग की योजना बताई और 15 फीसदी का मुनाफा देने का झांसा देकर निवेश करने की बात कही। विश्वास करके उन्होंने आशीष के खाते में दो लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। 15 फीसदी लाभ उसने उनके खाते में ट्रांसफर कर दिया। ऐसे में उन्हें विश्वास हो गया। अनुज का कहना है कि इसके बाद आशीष ने अपने पिता से मिलवाया। जहां उन्होंने उन्हें ट्रेडिंग की स्कीम के बारे में बताया। विश्वास करके उसने व उसके भाई ने आठ-आठ लाख रुपये निवेश कर दिए। आरोप है कि रुपये मांगने पर अब आशीष टाल मटोल करने लगा और रकम डूबने की बात कहने लगा। दबाव बनाने पर वह धमकी देने लगा। एसीपी वेव सिटी पूनम मिश्रा का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।