पूरे शहर में स्वच्छता अभियान और अपना ही घर गंदा
गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वच्छता अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है। प्रशासन भी शहर से लेकर गांव तक स्वच्छता अभियान में जुटा हुआ है, लेकिन प्रशासन खुद का घर ही साफ नहीं रख पा रहा है। कलक्ट्रेट और विकास भवन परिसर के बीचोंबीच बने भवन को डंपिंग ग्राउंड बनाया गया है। ऐसा नहीं यह कूड़ा कुछ दिनों पहले ही डाला गया है, बल्कि पिछले कई दिनों से यहां गंदगी पड़ी है और कई दिनों से विभागों से निकलने वाला कूड़ा उसी जगह पर डाला जा रहा है। इस कूड़े में चाय के कप से लेकर विभिन्न प्रकार की गंदगी आदि पड़ी हुई है। इतना ही नहीं इस बीच में विकास भवन के सभागार में कई बैठक भी हो चुकी हैं और खुद डीएम भी संचारी रोग नियंत्रण की बैठक ले चुकी हैं। जिसमें मुख्य विकास अधिकारी से लेकर जिला विकास अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, जिला पंचायती राज विभाग, शिक्षा विभाग सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे थे। मंगलवार को भी जिला पंचायत के चुनाव के लिए ट्रेनिंग चल रही थी, लेकिन किसी भी अधिकारी को यह कूड़ा नहीं दिख रहा है। इतना ही नहीं सभागार के पास ही शौचालय है, जिसकी दुर्गंध फैली रहती है। इसकी शिकायत हर आने जाने वालों सहित दबे शब्दों में कुछ कर्मचारियों ने भी की है।
कोट्स
कहां कूड़ा पड़ा है दिखा नहीं। लेकिन अगर कूड़ा पड़ा है तो तुरंत सफाई कराई जाएगी।
रमेश रंजन , सीडीओ