- मौके पर पहुंचे किसानों ने जब तक गंगा से निकाला तब तक हो चुकी थी मौत अहार। थाना क्षेत्र के गांव कल्याणपुर निवासी एक किशोर गंगा स्नान के दौरान गहरे जल में डूब गया। जब तक ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला, तब तक उसकी सांसो की डोर टूट चुकी थी। परिजनों व ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर उसका अंतिम संस्कार कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव कल्याणपुर निवासी राजेंद्र का १५ वर्षीय पुत्र होशियार दिव्यांग था। वह बोलने व सुनने में अक्षम था। बताया गया कि शुक्रवार को वह अपने तहेरे भाई के साथ जंगल में पशुओं को चारा खिलाने के लिए लेकर गया था। जहां दोनों भाई गर्मी के कारण गंगा नदी में स्नान करने लगे। इस दौरान वह गहरे जल में चला गया और डूब गया। किशोर के डूबने पर उसके तहेरे भाई ने शोर मचाया और अन्य ग्रामीणों को सूचना दी। जिसके बाद ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद होशियार को बाहर निकाला। लेकिन, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद ग्रामीणों व परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की सूचना नहीं दी गई थी। प्रारंभिक जांच में मामला डूबने से मौत का ही सामने आ रहा है। वहीं, मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।