टीबी कर्मचारी 21 से करेंगे हड़ताल
गाजियाबाद। टीबी कंट्रोल प्रोग्राम प्रभावित हो सकता है और आने वाले दिनों में मरीजों को परेशानी भी झेलनी पड़ सकती है। प्रदेश भर में एनएचएम के तहत तैनात सभी कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर 21 जनवरी से हड़ताल पर जा रहे हैं। टीबी कंट्रोल प्रोग्राम एंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन पिछले काफी समय से नियमितीकरण, समान कार्य-समान वेतन, वेतन बढ़ोतरी, पेंशन समेत 13 सूत्रीय मांगों को लेकर सांकेतिक धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। एसोसिएशन के कार्यकर्ताओं ने 30 दिसंबर को अपने खून से लिखकर पीएम के नाम पत्र भी भेजा था। एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक संजय सिंह यादव ने बताया कि सरकार की ओर से उनकी लगातार उपेक्षा की जा रही है। जबकि दिल्ली में प्रदेश सरकार ने टीबी विभाग में तैनात संविदा कर्मचारियों का वेतन कई गुना बढ़ा दिया है। संजय यादव ने बताया कि अपनी मांगों को लेकर प्रदेश भर में टीबी विभाग में एनएचएम के तहत नियुक्त कर्मचारी 21 जनवरी से बेमियादी हड़ताल पर जा रहे हैं।