मोदीनगर। एक कॉलोनी निवासी 13 वर्षीय बालिका को पड़ोसी युवक ने चॉकलेट दिलाने के बहाने सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने बालिका की पिटाई की। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बालिका को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। नगर की एक कॉलोनी निवासी व्यक्ति की 13 वर्षीय पुत्री कक्षा सात की छात्रा है। परिजनों के अनुसार शुक्रवार शाम करीब सात बजे बालिका घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोसी युवक बालिका को चॉकलेट दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। आरोपी बच्ची को सुनसान वाले रास्ते ले गया और एकांत स्थान पर ले जाकर उसने बालिका के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने शोर मचाया तो आरोपी ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। किसी तरह बदहवास बालिका घर पहुंची। उसकी हालत देखकर परिजन सकते में आ गए। परिजनों ने बालिका को ढांढस देते हुए उसे संभला। पीड़िता के पिता ने थाने में घटना की तहरीर दी। एसीपी रितेश त्रिपाठी का कहना है कि तहरीर के आधार पर पॉक्सो और दुष्कर्म की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी सचिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।