मुरादनगर। 10 दिन पूर्व पाइप लाइन मार्ग स्थित ईंट भट्ठे पर दुष्कर्म के आरोपी को पकड़ने गई टीला मोड़ पुलिस पर हुए हमले के मामले में मुरादनगर पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। टीला मोड़ पुलिस से मारपीट कर लोगों ने दुष्कर्म के आरोपी को छुड़ा लिया था। पुलिस बाकी नामजद समेत अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
शुक्रवार रात बहादरपुर मार्ग स्थित एक ईंट भट्ठे पर टीला मोड़ थाने की पुलिस टीम दुष्कर्म के आरोपी जितेंद्र नागर उर्फ जब्बार को पकडऩे गई थी। पुलिस ने मौके से आरोपी को पकड़ लिया था लेकिन उसके शोर मचाने पर मौके पर सैकड़ों लोग एकत्र हो गए और पुलिसकर्मियों को बंधक बना मारपीट कर आरोपी को जुड़ा लिया था। मामले में टीला मोड़ थाने के दरोगा विजय कुमार ने जितेंद्र नागर उर्फ जब्बार, हरीश नागर, कुलदीप नागर, अनुज नागर, सत्ते को नामजद व 40 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसीपी नरेश कुमार ने बताया कि मुरादनगर पुलिस ने दबिश देकर राहुल, संदीप, अनिल, ब्रजेश, मोहित, संदीप, हरीश, बाबू, सुनील, हेमेंद्र, सतेंद्र निवासी मथुरापुर व बहादरपुर गांव निवासी दीपक, नीरज का शांतिभंग में चालान किया है।