\n\nटेलीकॉम कंपनी द्वारा बनाए गए गड्ढे बन रहे परेशानी का कारण\n\n- वसुंधरा सेक्टर-1 में एक प्राइवेट टेलीकॉम कंपनी ने लाइन बिछाने के नाम पर किए गड्ढे\n\n- लाइन बिछाने के बाद नहीं भरे गए गड्ढे, अब इनमें भर रहा पानी\n\nमाई सिटी रिपोर्टर\n\nसाहिबाबाद। वसुंधरा सेक्टर-1 में एक प्राइवेट टेलीकॉम कंपनी द्वारा लाइन बिछाने के लिए जगह-जगह किए गए गड्ढे इलाके में लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। गड्ढे जलभराव का कारण बन रहे हैं । स्थानीय लोगों का आरोप है कि कंपनी द्वारा बनाए गए चैंबर भी घटिया सामग्री के हैं, जो अब टूटने लगे हैं।\n\nस्थानीय आरडब्ल्यूए अध्यक्ष कैलाश चंद शर्मा ने बताया कि जिन दिनों टेलीकॉम कंपनी द्वारा यह गड्ढे खोदे जा रहे थे, तभी इसकी शिकायत नगर निगम से की गई थी ताकि निगम अधिकारी कंपनी से बात कर इन गड्ढों को भरवा दे। बावजूद इसके उस समय नगर निगम अधिकारियों ने मामले की कोई सुध नहीं ली। अब इसका परिणाम स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को हुई बारिश में इन गड्ढों में जल भराव हो गया है जिसके कारण अब यहां मच्छर पनपने का खतरा है। कैलाश शर्मा ने कहा कि वसुंधरा सेक्टर-1 में यह इस तरह के एक-दो नहीं बल्कि अनगिनत गड्ढे हैं। अब टेलीकॉम कंपनी से भी कोई संपर्क नहीं हो पा रहा, वहीं नगर निगम में भी कोई सुनवाई नहीं हो रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब भी कोई टेलीकॉम कंपनी खुदाई का काम करती है तो नगर निगम की अनुमति ले लेती है। नियमानुसार कंपनी को तार बिछाने के बाद सभी गड्ढों को भर देना चाहिए था, लेकिन कंपनी द्वारा ऐसा नहीं किया गया। वहीं नगर निगम ने भी समय रहते कोई कार्रवाई न हीं की, जिसके कारण अब लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।\n\n----------------\n\nनिशा ठाकुर\n\n\n