गर्भवती गोवंश की बेरहमी से पिटाई, बच्चे की मौत
खुर्जा। अरनिया क्षेत्र के गांव रनियावली में कुछ लोगों ने एक गोवंश को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पशु चिकित्सकों की टीम ने गोवंश का इलाज किया। घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों में जबरदस्त रोष है। अरनिया क्षेत्र के गांव रनियावली में शनिवार सुबह कुछ लोगों ने एक गोवंश को पीट-पीट कर अधमरा कर दिया। पिटाई से घायल गोवंश जमीन पर गिर कर बेहोश हो गई। सूचना पर पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रिया गुप्ता अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गईं। चिकित्सकों की टीम ने उपचार करना शुरू किया तो पता चला कि गोवंश के गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना पर डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बिना किसी कार्रवाई के वापस लौट गई। घटना से ग्रामीणों में गुस्सा है। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ब्यूरो