25 जनवरी के बाद हो सकता है मेट्रो फेज-2 कॉरिडोर का उद्घाटन
गाजियाबाद। दिलशाद गार्डन से नया बस अड्डा मेट्रो फेज-2 कॉरिडोर का उद्घाटन 25 जनवरी के बाद हो सकता हे। लखनऊ में हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संशोधित डीपीआर पर कैबिनेट की स्वीकृति से पहले रूट सेफ्टी क्लीयरेंस के लिए कमिश्नर मेट्रो रेलवे सेफ्टी की टीम फाइनल निरीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। दूसरी ओर, संशोधित डीपीआर को भी कैबिनेट की जल्द मंजूरी दिलवाने के निर्देश दिए गए। मेट्रो फेज-2 कॉरिडोर की संशोधित डीपीआर को केंद्र सरकार के वित्तीय मामलों के पब्लिक इंवेस्टमेंट बोर्ड (पीआईबी) की बैठक में लगभग मंजूरी मिल चुकी है। ऐसे में केवल कैबिनेट की मंजूरी व कमिश्नर मेट्रो रेल सेफ्टी का फाइनल ट्रायल बाकी है। ऐसे में लखनऊ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में गाजियाबाद के मेट्रो फेज-2 कॉरिडोर की संशोधित डीपीआर और उद्घाटन की तिथियों पर मंथन हुआ। बैठक में जीडीए उपाध्यक्ष कंचन वर्मा ने भी शिरकत की।