गाजियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में फेसबुक के जरिये हुए परिचय के बाद नकदीकी बढ़ाना महिला को महंगा पड़ गया। आरोपी ने खुद को रेलवे का एक अधिकारी बताया और उनकी नौकरी डाक विभाग में लगवाने के नाम पर उनसे 11.75 लाख रुपये ठग लिए। जानकारी करने पर पता चला कि आरोपी उसका दूर का रिश्तेदार है। मामले में महिला ने छेड़खानी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि उनका परिचय 2020 में युवक से हुआ था। उसने फेसबुक पर आदित्य के नाम से आइडी बनाई थी। वह रोजाना बात करने लगा। एक दिन उसने कहा कि वह उनकी नौकरी डाक विभाग में लगवा सकता है। इसके लिए उनको 17 लाख रुपये देनी होगी। उसकी बातों पर भरोसा करके वह रुपये राजी हो गईं। आरोपी ने उनके शैक्षिक प्रमाणपत्र मंगवाए और उनका फार्म भरने की जानकारी भेज दी और छह माह के अंदर नियुक्ति की बात कही। छह माह बीतने पर शक होने पर वह आरोपी के बताए गए पते पर दिल्ली व पंजाब के रेलवे कार्यालय पर गई तो वहां उस नाम का कोई व्यक्ति नहीं मिला। मामला सुलझाने के लिए रिश्तेदारों को बुलाकर पंचायत हुई तो आरोपी रुपये लौटाने को राजी हो गया। इसके बाद भी 11.75 लाख रुपये नहीं दिए। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि पुराना प्रकरण है। सभी साक्ष्य शिकायतकर्ता से मांगे गए हैं। मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।