गाजियाबाद। कुत्तों के काटने की घटनाओं के बढ़ने पर अब नगर निगम ने गेट बंद सोसायटियों में इनके बधियाकरण का अभियान शुरू किया है। नगर निगम के अधिकारियों का दावा है कि शहर की 11 सोसायटियों में शतप्रतिशत कुत्तों का बधियाकरण कराने का काम पूरा कर लिया गया है। अब इन सोसायटियों को रेबीज फ्री कर दिया गया है। छह महीने में अब तक शहर के तीन हजार कुत्तों का ऑपरेशन कर बधियाकरण किया जा चुका है। अब राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र की सोसायटियों में अभियान चलाया जाएगा।
नगर निगम के उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह का कहना है कि नगर निगम की ओर से दो एंबुलेंस का संचालन कराया जा रहा है। कुत्तों की शिकायत मिलने पर तत्काल संबंधित टीम को भेजकर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक राजनगर एक्सटेंशन की केडीपी ग्रैंड सोसायटी, मिडोज विस्टा, इंदिरापुरम की शिप्रा सनसिटी, आम्रपाली, शालीमार गार्डन में रिषभ पार्क, रिपब्लिक क्रॉसिंग की जी-7 सोसायटी, वैशाली सेक्टर-9 स्थित जज कॉलोनी, वैशाली क्लाउड-9 सोसायटी, इंदिरापुरम नीति खंड 3 व 4 और हिंडन विहार में शतप्रतिशत कुतों का बधियाकरण कराया जा चुका है। इन सोसायटियों को रेबीज फ्री करने के बाद अब जल्द ही अन्य सोसायटियों में अभियान चलाया जाएगा।
नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने बताया कि शहर में रोस्टर के अनुसार कुत्तों का बधियाकरण कराया जा रहा है। संबंधित अधिकारी रोजाना कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करते हैं। 11 सोसायटीओं को रेबीज फ्री कर उनके आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों से अपील की गई है कि वह अब बाहर से निराश्रित कुत्तों को सोसायटी में न आने दें।