गाजियाबाद। पतंजलि योग ग्राम के लिए बुकिंग करने के चक्कर में पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता कामेश्वर गुप्ता ने 1.06 लाख रुपये गंवा दिए। उन्होंने इंटरनेट से पतंजलि योग ग्राम का नंबर सर्च करके कॉल किया था। शातिरों ने ऐसे में उन्हें जाल में फंसा लिया और ठगी लिया। राजनगर एक्सटेंशन निवासी कामेश्वर गुप्ता ने बताया कि उन्हें बेटी और पत्नी के लिए योग ग्राम की बुकिंग करनी थी। इसके लिए उन्होंने इंटरनेट से नंबर लिया और कॉल किया। कॉल उठाने वाले ने खुद को योग ग्राम से बताया और आईडी कार्ड भी भेज दिया। इसके बाद शातिरों ने स्पेशल ऑफर बताकर बुकिंग करने पर 20 फीसदी कैश बैक का झांसा दिया। उन्होंने बुकिंग का कुछ भुगतान कर दिया। बाद में शातिरों ने इंश्योरेंस के भी रुपये मांगे। ऐसा करके शातिरों ने उनके 1.06 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद भी शातिर अलग-अलग बात बताकर रकम की मांग करते रहे। शक होने पर उन्होंने साइबर सेल में शिकायत की। साइबर सेल से रिपोर्ट आने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने में दो महीने लगा दिए। एसीपी नंदग्राम रवि कुमार सिंह का कहना है कि मामले में साइबर सेल की मदद लेकर जांच की जा रही है।