गाजियाबाद। आचार संहिता के दौरान क्रासिंग्स रिपब्लिक और मुरादनगर से 13 लाख 35 हजार रुपये नकदी पकड़ी गई है। सोमवार को एफएसटी की टीम ने क्रासिंग्स रिपब्लिक थाना क्षेत्र से 10.25 लाख नकदी जब्त किया है। बागपत निवासी इरशाद कार में ब्रीफकेस में कैश लेकर महागुनपुरम से दिल्ली की तरफ जा रहे थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि ठेकेदारी का पैसा है, लेकिन इसका कोई साक्ष्य नहीं दे पाए। वहीं, मुरादनगर में सुराना पुल से एक गाड़ी से तीन लाख 10 हजार की नकदी बरामद की गई।
नोडल अधिकारी एडीएम फाइनेंस सौरभ भट्ट ने बताया कि 10 लाख से अधिक नकदी के मामले इनकम टैक्स विभाग से संबंधित होते हैं। इसलिए पुलिस ने वह नकदी जब्त करके इनकम टैक्स विभाग को सौंप दी है। मुरादनगर वाले में भी संतोषजनक उत्तर न मिलने की वजह से कैश जब्त कर लिया गया है। इससे पहले लोनी के मंडोला बॉर्डर से 10 लाख 25 हजार मुरादनगर से 2.24 लाख नकद राशि बरामद की जा चुकी है। शहरी क्षेत्र में भी मार्च माह में सात लाख 64 हजार और कोतवाली क्षेत्र स 13 लाख 47 हजार नकद राशि जब्त की गई है।