गाजियाबाद। मोरटा में घर में अकेली महिला को देखकर एक युवक और महिला ने किराये पर कमरा पूछने के बहाने से बाताें में उलझा लिया। कुछ देर बाद महिला को पाजेब देकर चांदी का बताकर उससे 10 हजार रुपये ठग लिए। एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर दोनों की तलाश की जा रही है। घटना मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के गांव मोरटा को 20 अप्रैल को हुई थी। पीड़िता चांदनी प्रवीण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह घर पर अकेली थी। इसी समय बाइक सवार एक महिला और युवक आए। किराये पर कमरा लेने की बात कहकर बातों में उलझा दिया। इसके बाद थैले से पाजेब निकाले और चांदी का बताकर 10 हजार रुपये ले लिए। शक होने पर महिला ने पास की दुकान पर जाकर पाजेब की जानकारी ली तो वह आर्टिफिशियल निकले। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।