वसुंधरा। क्रिप्टो करंसी में निवेश कर मोटा मुनाफे का झांसा देकर ठगों ने वसुंधरा सेक्टर-11 निवासी अभिषेक कुमार कश्यप से 10 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने उनसे कई बार रिचार्ज कराने के बहाने लाखों रुपये ठग लिए। इंदिरापुरम कोतवाली में ठगी का मुकदमा दर्ज कराया है। साइबर सेल और कोतवाली पुलिस टीम खाते से हुई ट्रांजेक्शन की जांच कर रहे हैं।अभिषेक ने बताया कि उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप पर एक मेसेज आया था जिसमें क्रिप्टो करंसी में पैसा लगाकर लाभ कमाने की बात कही गई थी। वह ठगों के जाल में फंस गए और संबंधित नंबर पर फोन कर लिया। बातचीत कर ठग ने उन्हें योजना बताई और फिर एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ लिया। मामले में ठग ने उन्हें अन्य सोशल मीडिया पर वेबिनार कर लोगों को निवेश के बाद हुए लाभ के बारे में बताया। आरोप है कि ठग ने उनसे काम करने के एवज में अकाउंट रिचार्ज करने के बहाने 10 लाख रुपये ठग लिए। जब उन्होंने निवेश किए पैसे व मुनाफे की रकम मांगी तो आरोपियों ने फोन व टेलीग्राम ग्रुप बंद कर दिया। एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही हैख्जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।